वायरल वीडियो ने खोली कानून व्यवस्था की पोल, खुलेआम घूम रहे आरोपी 

छतरपुर। जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उस पर जानलेवा हमला हुआ, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित एक दलित परिवार है, जो लंबे समय से दबंगों के अत्याचार का शिकार हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घायल व्यक्ति की हालत गंभीर है, लेकिन न तो उसे समय पर न्याय मिला, न ही आरोपी अब तक गिरफ्तार किए गए हैं। 

पीड़ित परिवार ने बताया कि दबंगों ने न सिर्फ जानलेवा हमला किया बल्कि उनकी फसल जलाने की कोशिश भी की। उन्हें गाली-गलौच कर खुलेआम धमकाया गया। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन को 20 से ज्यादा बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों को आज भी क्षेत्र में बेखौफ घूमते हुए देखा जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार दहशत में है। इस घटना ने एक बार फिर छतरपुर जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजनता का कहना है कि जब एक दलित परिवार की गुहार भी अनसुनी कर दी जाए, तो फिर न्याय किसके लिए है? क्या इस प्रदेश में न्याय केवल रसूख़दारों के लिए ही सुरक्षित है? जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लिया जाए, आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा के साथ न्याय दिलाया जाए।