उज्जैन। उज्जैन की वजीर पार्क कॉलोनी में आज सुबह 5 बजे सनसनीखेज वारदात हुई। यहां रहने वाले 60 वर्षीय कांग्रेस के पूर्व पार्षद हाजी कलीम खान उर्फ गुड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टि या हत्या का आरोप पत्नी व दो बेटों पर लग रहा है। मामले में पुलिस ने पत्नी नीलोफर व छोटे बेटे को हिरासत में ले लिया है। वही बड़ा बेटा फरार है। हत्या का कारण प्रॉपर्टी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर जप्त कर जांच शुरू कर दी है। मृतक हाजी कलीम खान पर पूर्व के 31 अपराध दर्ज हैं। वह प्रॉपर्टी ब्रोकर और कॉलोनाइजर का काम करता था। 
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पहले करीब 4 अक्टूबर को मॉर्निंग वॉक के दौरान भी हाजी कलीम खान पर हमला हुआ था जिसमें उन्हें चोट आई थी। हमलावरों को वे जानते थे इसलिए उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत नहीं की और अपना उपचार करवाया। एक दिन पहले गुरुवार को वे थाना नीलगंगा पहुंचे और अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी दी। रात्रि करीब 2 तक पुलिस ने बयान दर्ज किया। जिसमें हाजी कलीम खान ने हमलावरों की पहचान बताई और अपनी हत्या की आशंका भी जताई। हमले के मामले में पुलिस ने हाजी कलीम खान की पत्नी की बहन के दामाद को गिरफ्तार किया। पुलिस को बयान देने के बाद रात्रि 3 बजे वह परिजनों के साथ घर पहुंचे और 2 घंटे बाद ही उनकी हत्या हो गई। सर में एक गोली लगने से हत्या होना बताया जा रहा है। वही घर में मौजूद अन्य परिजनों का आरोप है कि पत्नी व दोनों बेटों द्वारा हत्या की गई है। हत्या का कारण यह भी सामने आ रहा है कि मरने से पहले हाजी कलीम खान ने पुलिस को बता दिया था कि उसे किससे जान का खतरा है।