नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पर्यावरण प्रदर्शन संबंधी एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट को सरकार द्वारा खारिज किए जाने के बाद गुरुवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार यह समझे कि दुनिया भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की धुन पर नाचने वाली नहीं है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि यह सरकार मतभिन्नता को खारिज करने वाली सरकार बन गई है। उन्होंने ट्वीट किया, राजग सरकार को नो डाटा अवेलेबल सरकार के रूप में जाना जाता है। इसलिए, इसने पर्यावरण प्रदर्शन सूचकांक को खारिज किया जिसने भारत को 180 देशों में अंतिम स्थान पर रखा।
  चिदंबरम ने दावा किया, ‘‘इससे पहले, सरकार ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की कोरोना से हुई ज्यादा मौतों और ‘ग्लोबल हंगर इंडेक्स’ की रिपोर्ट को खारिज कर दिया था। मोदी सरकार को समझना चाहिए कि दुनिया बीजेपी/आरएसएस की धुन पर नहीं नाचेगी। गौरतलब है कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने बुधवार को पर्यावरण प्रदर्शन सूचकांक- 2022 को खारिज कर दिया जिसमें भारत को 180 देशों की सूची में सबसे निचले स्थान पर रखा गया है। मंत्रालय ने कहा कि सूचकांक में उपयोग किए गए सूचक अनुमानों व अवैज्ञानिक तरीकों पर आधारित हैं।