नई दिल्ली। आईपीएल का 17वां सीजन समाप्त हो गया है। रविवार, 26 मई को खेले गए फाइनल मैच में केकेआर ने हैदराबाद को हराकर तीसरी बार ट्रॉफी जीती। आईपीएल का 17वां सीजन हर सीजन से जरा हटके रहा। इस साल आईपीएल में कई रिकॉर्ड टूटे और वो हुआ जो टी20 क्रिकेट में कभी नहीं हुआ था।

क्रिकेट जगत की सबसे महंगी लीग आईपीएल 2024 का आयोजन 22 मार्च से किया गया और 29 मई को फाइनल खेला गया। इस सीजन में टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम स्कोर बना। यही नहीं पूरे सीजन सबसे अधिक छक्के भी लगे। इसके अलावा कई टीमों ने कई बार 200 का आंकड़ा भी पार किया। आइए जानते हैं क्यों हर साल से इस साल का आईपीएल हटके रहा।

1. हाईएस्ट रन रेट

इस सीजन बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के खिलाफ खूब रन बटोरे। पूरे सीजन का रन रेट 9.56 रहा। यह किसी भी सीजन से कहीं ज्यादा रहा। आईपीएल 2024 ने पिछेल सीजन के रन रेट को भी पीछे छोड़ दिया। साल 2023 के पूरे सीजन का रन रेट 8.99 का रहा।

2. 41 बार बने 200 से ज्यादा का स्कोर

आईपीएल इतिहास में इस सीजन सबसे ज्यादा 200 प्लस का स्कोर बना। इस सीजन बल्लेबाजों की धूम रही। आईपीएल 2024 में कुल 41 बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना। सनराइजर्स हैदराबाद ने 287 रन का स्कोर बनाकर इतिहास रचा तो पंजाब किंग्स ने 263 रन चेज कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाया।

3. सबसे ज्यादा सिक्स

आईपीएल 2024 में हर सीजन से ज्यादा सिक्स लगे। इस सीजन के 74 मैच में कुल 1260 सिक्स लगे। साल 2022 में 1062 तो साल 2023 में 1124 सिक्स लगे थे। अभिषेक शर्मा ने इस सीजन अकेले 42 छक्के जड़े।

4. सबसे ज्यादा शतक

आईपीएल 2024 में कुल 14 शतक लगे जो हर सीजन से कहीं ज्यादा रहा। 2023 में 12 शतक लगे थे। 2022 में 8 शतक आए थे। आईपीएल में अभी तक कुल 102 शतक लग चुके हैं।

5. लक्ष्य हासिल करने का बना विश्व रिकॉर्ड

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रचा था। सनराइजर्स हैदराबाद ने महज 9.4 ओवर में 167 रन बनाकर मैच जीता था। यह टी20 क्रिकेट में 10 ओवर के भीतर सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने का विश्व रिकॉर्ड रहा।