दमोह।  कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर दोपहर में सिविल अस्पताल हटा में लगाये गए पी एम सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने शिविर में पंजीयन से लेकर जांच तक के समस्त कार्यो का बारीकी से अवलोकन किया एवं चिकित्सको और स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से पानी, खाना आदि विभिन्न बिंदुओ पर जानकारी ली एवं चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए जो महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों से लंबी दूरी तय कर आती है उन्हें अधिक से अधिक व्यवस्थाएं देने पर जोर दिया। शिविर में 146 महिलाओं का पंजीयन किया गया था जिसमें 46 हाई रिस्क महिलाएं यहां पहुंची। श्री कोचर ने आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा की और कहा कि 9 और 25 तारीख को हाई रिस्क महिलाएं एवं सामान्य गर्भवती महिलाओं को 2 और 16 तारीख नियत है। इसका विशेष ध्यान रखें ताकि शिविर में एक साथ भीड़ ना पहुंचे। इस अवसर पर एसडीएम राकेश सिंह मरकाम विशेष रूप से मौजूद रहे।

            उन्होंने कहा जो नॉर्मल महिलाएं हैं, जिनकी गर्भावस्था में कोई जोखिम नहीं है, उनके लिए 02 और 16 तारीख निर्धारित है, उनको हमें प्रेरित करना चाहिए कि वह 02 और 16 तारीख में ही आए और उच्च जोखिम वाली महिलाएं 9 और 25 तारीख को आए ताकि दोनों को व्यवस्थित रूप से और समुचित इलाज मिल सके।

            कलेक्टर श्री कोचर ने कहा लगातार चेकअप चल रहा है, यह एक सतत प्रक्रिया है और हम कोशिश करेंगे कि आगे आने वाले शिविरों में इसको और बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा हमारा एक ही संकल्प है कि हम एक भी महिला को मरने नहीं देंगे, यह संकल्प हमको पूरा करना है, किसी भी स्थिति में एक भी महिला की जान नहीं जाना चाहिए, उनकी जान हमें बचाना है उनकी जान सबसे कीमती है, इसके लिए हम लगातार काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा निश्चित रूप से कमियां आती है जब आप काम करते हो तो गलतियां होती है कमियां आती है, हम उनमें सुधार करते जायें।   कलेक्टर ने गार्ड और सफाई कर्मचारी की समस्या बताए जाने पर निर्देशित किया इसका प्रस्ताव लेकर आये, जिला स्तर से यदि कोई निर्णय करना होगा तो तत्काल निर्णय करेंगे।

            उन्होंने मीडिया जनों से चर्चा में कहा चूकि मैंने उस दृष्टि से पूरे अस्पताल का निरीक्षण नहीं किया है अभी मैं प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान को लेकर के आया था क्योंकि मुझे और जगह पर भी जाना है। बाकी चीजों के मामले में अभी दो-तीन दिन पहले इस तरह की खबर आई थी हमने इन निर्देशित किया है कि अस्पताल में किसी भी प्रकार से बिस्तर और बाकी चीजों की कमी नहीं आनी चाहिए। यदि रेड क्रॉस के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है तो उसको भी करेंगे।

            कलेक्टर श्री कोचर ने सिविल अस्पताल हटा में ई.पी.एम.एस.ए. के तहत आयोजित विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिक में दी जा रही सेवाओं का औचक निरीक्षण में चिन्हित जोखिम वाली गर्भवती महिला की पूर्व तैयार 46 महिलाओं की सूची में से 20 के ही संस्था में पहुंचने पर मौजूद आशा कार्यकताओं से कारणों की चर्चा की। सीबीएमओ डॉ यू.एस. पटेल को निर्देश दिये कि सुनिश्चित करें कि पूर्व से तैयार सूची अनुसार शत-प्रतिशत महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ दिया जाये। संस्था में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता त्रिवेदी द्वारा चिन्हित जोखिम वाली महिलाओं एवं संस्था में पहुंची सामान्य गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. त्रिवेदी द्वारा सोनोग्राफी की जांचे भी की गई। संस्था में आज 146 गर्भवती महिलाएं जांच कराने पहुंची। जांच उपरांत चिंहित की गई 67 जोखिम वाली महिलाओं को समुचित उपचार सेवा एवं गर्भावस्था दौरान बरती जाने वाली सावधानियां एवं संतुलित आहार सेवन के बारे में परामर्श दिया गया।