नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से इनकार कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर बताया कि प्रशांत किशोर के साथ कई दौर की वार्ता एवं प्रजेंटेशन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तरफ से 2024 चुनाव के लिए एक अधिकार प्राप्त समूह का गठन किया गया है। प्रशांत किशोर को भी इसी समूह में शामिल होने जिम्मेदारियां संभालने का ऑफर दिया गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। हम उनके प्रयास और पार्टी को दिए गए सुझावों का सम्मान करते हैं।   बीते कई दिनों से चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की खबरें चल रही थी। जिन पर आज विराम लग गया है। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने जी-23 नेताओं के साथ बातचीत की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर राहुल गांधी पीएम पद के दावेदार बनते हैं तो फिर अध्यक्ष पद पर गांधी परिवार के बजाए किसी और को बनाया जाए।वहीं, किशोर के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर नेताओं के बीच अलग-अलग राय भी रही। कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उनके पहले भाजपा, जदयू, टीएमसी और कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों के साथ उनकी भागीदारी को ध्यान में रखते हुए आपत्ति जताई थी। हालांकि उनमें से अधिकांश ने इसका समर्थन किया है लेकिन अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष पर छोड़ दिया था।