कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में महाराष्ट्र जैसा सत्ता परिवर्तन नहीं होने वाला है। महाराष्ट्र सीएम भ्रम में हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका कोई भी विधायक बिकने को तैयार नहीं है। वहीं, कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि शिंदे सरकार लोकसभा चुनावों के बाद ही अपना अस्तित्व खो देगी। 

पहले, जानें क्या है मामला

दरअसल, हाल ही में महाराष्ट्र के सतारा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद ही कर्नाटक में भी महाविकास अघाड़ी सरकार गिरने वाली है। कर्नाटक की अपनी हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा था कि वहां ऑपरेशन नाथ (एकनाथ) की चर्चा है। 

चुनाव में एनडीए को हार मिलने वाली है

शिंदे के इसी दावे पर सिद्धारमैया ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि शिंदे भ्रम में हैं। वह दिन-दहाड़े सपने देख रहे हैं। वे किसी भी कीमत पर ऐसा नहीं कर पाएंगे। संसदीय चुनाव में एनडीए को करारी हार मिलने वाली है। ‘क्या लोकसभा चुनाव के बाद सरकार गिरने की संभावना है’ के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से भाजपा लगातार सरकार गिराने का प्रयास कर रही है लेकिन हर बार वे असफल हो रहे हैं। हमारा कोई भी विधायक बिकने को तैयार नहीं है। यहां महाराष्ट्र जैसा बदलाव होने की संभावना नहीं है। 

इंडी गठबंधन बनाएगी सरकार

सीएम ने आगे दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडी गठबंधन संसदीय चुनाव में जीत हासिल कर रहा है। हम सत्ता में आने वाले हैं। कर्नाटक में कुल 28 लोकसभा सीटों में से करीब 20 सीटों पर हम जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को एहसास हो गया है कि वे संसदीय चुनाव हारने वाले हैं। इसलिए वे ऐसे उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। उन्हें चुनावों में जीत का भरोसा नहीं है। यहां तक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भरोसा नहीं है।

एनडीए सरकार खो देगी अपनी ताकत

मामले में उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में शिंदे सरकार का बचा रहना संदेहास्पद लग रहा है। मैं रिकॉर्ड पर कहा रहा हूं कि महाराष्ट्र में एनडीए सरकार लोकसभा चुनाव के बाद अपनी ताकत खो देगी।