छतरपुर। शुक्रवार को विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित संपूर्ण जिले में जगह-जगह योगा के कार्यक्रम आयोजित हुए। शहर के प्रताप सागर तालाब में योगाचार्यों द्वारा जलयोग कराया गया, वहीं पर्यटन नगरी खजुराहो में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। इसके अलावा जिले के अन्य शहरों, कस्बों और ग्रामीण अंचलों में लोगों ने योगाभ्यास किया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र ङ्क्षसह बॉबीराजा के नेतृत्व में रविशंकर पार्क में योगाभ्यास कराया गया।
विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पश्चिमी मंदिर समूह कंदारिया महादेव मंदिर प्रांगण में बृहद योगा कार्यक्रम वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्यातिथ्य में सम्पन्न हुआ। योगाभ्यास में लगभग 1500 से अधिक लोग शामिल हुए। इस दौरान श्रीअन्न संवर्धन अभियान का भी शुभारंभ हुआ। साथ ही वर्चुअली देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन को सुना गया। वहीं मुख्यमंत्री निवास, भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय योगाभ्यास के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। खजुराहो में योगाभ्यास के पूर्व वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने अपना उद्बोधन देते हुए योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, नगरपालिका अध्यक्ष छतरपुर ज्योति चौरसिया, नगर परिषद खजुराहो अध्यक्ष अरुण अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर संदीप जी. आर., जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, एसपी अगम जैन, एडीएम मिलिंद नागदेवे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
योगाचार्यों ने किया जल योगा
जिला मुख्यालय के प्रताप सागर तालाब में शहर के वरिष्ठ योगाचार्य सुभत जैन और पंचवटी योगाश्रम के योगी गिरीश की मौजूदगी में लोगों ने जलयोगा किया। जलयोगा कराने के बाद योगाचार्यों ने उपस्थित लोगों को योग का महत्व बताया और कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग करना अतिआवश्यक है। वरिष्ठ योगाचार्य सुभत जैन ने बताया कि वे पिछले 5 दशक से देश भर में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरुक कर रहे हैं। वहीं पंचवटी योगाश्रम के योगी गिरीश ने जलयोगा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज प्रताप सागर तालाब में पद्मासन, तालासन, मद्रासन और मत्स्यासन किया गया, जिसके बहुत सारे लाभ हैं। उन्होंने बताया कि इन योगक्रियाओं से हमारा शरीर पत्ति प्रकोप सहित विभिन्न बीमारियों से मुक्त होता है, साथ ही इससे शरीर की गर्मी नष्ट होती है और हमारा मस्तिष्क ठंडा रहता है। इस अवसर पर प्रताप नवयुवक संघ के प्रदीप सेन, जन अभियान परिषद के सदस्य मौजूद रहे।
महर्षि विद्या मंदिर के 5 सैकड़ा बच्चों ने किया योगाभ्यास
जिला मुख्यालय के देरी रोड पर स्थित महर्षि विद्या मंदिर में द्वतीय अपर सत्र न्यायाधीश हिमांशु मिश्रा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाहा की उपस्थिति में विद्यालय के योग प्रशिक्षक प्रमोद दुबे द्वारा 5 सैकड़ा से अधिक विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर जिला न्यायाधीश हिमांशु मिश्रा ने कहा कि अगर शरीर स्वस्थ्य रहेगा तो हम जीवन के समस्त कार्यो को भलीभांति कर पाएंगे और इसका एकमात्र समाधान जीवन मे योग को अपनी दिनचर्या में अपनाना है। वहीं जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाहा ने योग को अपनाने के साथ-साथ फ़ास्ट फ़ूड का त्याग करने और जीवन को स्वस्थ बनाने का संदेश छात्रों को दिया। विद्यालय के प्राचार्य सी के शर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य 100 साल तक जीने और स्वस्थ जीने का होना चाहिए और यह योग, ध्यान एवं सात्विक भोजन से ही संभव है।
योगा स्टार परिवार ने आयोजित किया सामूहिक योग कार्यक्रम
शहर के हनुमान टौरिया मन्दिर परिसर में योगा स्टार परिवार के द्वारा सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास कराया गया। योगा स्टार परिवार के गिरजा पाटकर ने बताया कि हनुमान टौरिया पर प्रतिदिन सुबह 5 बजे से योग और व्यायाम करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और योगाभ्यास कर अपने शरीर को स्वस्थ रखते हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग अभ्यास करने के बाद अन्य लोगों को योग के प्रति जागरुक किया गया। इस अवसर पर योगा स्टार परिवार के राजेंद्र खरे, विकास गुप्ता जुडास, मनोज अग्रवाल, ट्विंकल, श्यामजी गुप्ता, मनीष गुप्ता भोले, प्रमोद गुप्ता, पवन गुप्ता, दीपू गुप्ता, संजय जैन, मनीष जैन, राहुल समारी, प्रियांक पिपरसनिया, मनोज खरे, रवि गुप्ता, छुटकू आदि उपस्थित रहे।
संस्कार भारती ने दिया स्वस्थ्य जीवनशैली का संदेश
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की शाखा संस्कार भारती ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शहर के रविशंकर पार्क में विशाल योग शिविर आयोजित किया। विभाग संयोजक डा. सियाराम चौबे एवं जिला सचिव विकास चतुर्वेदी के नेतृत्व में लोगों को नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ्य रहने का संदेश दिया गया। योग प्रशिक्षक के रूप में संजय कुमार अग्रवाल एवं अम्बुज शर्मा ने योग, प्रणायाम एवं ध्यान के विभिन्न आयाम बताए। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह बॉबीराजा सहित अन्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे। एमपी एमआर एसोसिएशन के जिला कार्यकारिणी सदस्य रवि नामदेव ने योग के उपरांत मुलमिना ड्रिंक एवं स्वल्पाहार वितरित किया। इस अवसर पर प्रसार प्रमुख कमल अवस्थी, जिला सहसचिव राजकुमार वाजपेई, व्यवस्था प्रमुख अवधेश दुबे, कोषाध्यक्ष अमित अग्रवाल मोनू सहित 140 आरोग्य मित्र एवं 24 मातृ शक्ति उपस्थित रहे।