पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सुबह मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व से आगामी 10 अगस्त को रक्षाबंधन कार्यक्रम एवं 11 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस मौके पर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी व्हीसी कक्ष में विधायक राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, जनपद पंचायत पवई की अध्यक्ष मोहिनी मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक सांई कृष्ण थोटा, जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 10 अगस्त को स्वसहायता समूह की महिलाओं का सम्मेलन भी होगा। लाड़ली बहनों के खातों मंे 1500 रूपए अंतरित किए जाएंगे। इसमें अतिरिक्त 250 रूपए की राशि भी शामिल है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियां समस्त ग्राम और वार्डों में आयोजित की जाएं। इसी तरह 10 अगस्त को प्रदेश के 25 हजार स्थानों पर रक्षाबंधन के कार्यक्रम को उत्साह के साथ मनाया जाए। कार्यक्रम में महिलाओं के साथ जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरूस्त व चाक चौबंद रहें। जन्माष्टमी पर्व भी भक्ति भाव और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन माखन मटकी फोड़ने के कार्यक्रमों में समस्त आवश्यक सावधानियां भी अनिवार्य रूप से बरतें।
मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों में सभी धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम गरिमामय रूप से बनाने के निर्देश दिए। इसी तरह हर घर तिरंगा अभियान में प्रत्येक दिवस निर्धारित थीम पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाए। इस दौरान युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित कर तिरंगा रैली, मैराथन सहित आजादी के पर्व मंे अन्य गतिविधियों को भी शामिल करें। इसके लिए समाज के हर वर्ग को प्रेरित किया जाए। तिरंगा संगीत, हर घर तिरंगा प्रतिज्ञा, शहीदों को श्रद्धांजलि जैसे कार्यक्रम भी आयोजित करें। मुख्य गतिविधियों के साथ नवाचार को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी मंदिरों और धार्मिक आस्था के केन्द्रों पर साफ-सफाई सहित श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत सभी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश भी दिए गए।