छतरपुर। लाखों लोगों की आस्था के केन्द्र बागेश्वर धाम में दुबई स्थित मेटा योग सेंटर की डायरेक्टर अपने तीन सदस्यीय साथियों के साथ योग से रोग भगाने का संदेश देने आयीं। योगिनी रेखा अग्रवाल, ऋचा शर्मा एवं कल्पना शर्मा ने योग के विभिन्न आसनों के साथ-साथ थैरेपी की भी जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डॉ. जेपी मिश्रा, धाम के मुख्य पुजारी प्रदीप तिवारी, आयोजन प्रभारी मनोज त्रिवेदी एवं अवंतीबाई डिग्री कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती दीप्ती मिश्रा की उपस्थिति में हुआ। अवंतीबाई गु्रप द्वारा संचालित लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी इस शिविर में विशेष रूप से शामिल हुए। अवंतीबाई गु्रप के डायरेक्टर अशोक दीक्षित के मार्गदर्शन में उनके विभिन्न संस्थानों के बच्चों को योग की शिक्षा प्रदान करने का अवसर मिला। पिछले 7 वर्षों से दुबई में योग केन्द्र संचालित करने वाली रेखा अग्रवाल ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए कहा कि दुनिया ने योग की शक्ति को देखा है। आज विश्वभर में लोग योग कर स्वयं और आसपास के समाज को स्वस्थ बना रहे हैं। वजन कम करना, घुटनों का दर्द ठीक करना, शुगर नियंत्रित करने जैसे अक्सर होने वाले रोगों से निदान के बारे में योग शिक्षकों ने जानकारी दी। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस अद्भुत कार्यक्रम का बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया। बागेश्वर धाम परिवार की ओर से अभिलाष पटेल, प्रशांत शुक्ला, पं. अंगद एवं राजपाल का विशेष सहयोग रहा। वहीं पं. देवप्रभाकर शास्त्री कॉलेज के उपप्राचार्य संदीप शर्मा, नर्सिंग कॉलेज की प्रभा चौरसिया, डॉ. अतुल तिवारी, नीरज माफीदार, राजकुमार साहू ने अपना सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर मेटा सेंटर की ओर से प्रमाण पत्र बांटे गए। वहीं बागेश्वर धाम की ओर से शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने बालाजी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।