अहमदाबाद | गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा, कांग्रेस और आप ने अपनी अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं| कांग्रेस ने 125 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया है तो भाजपा ने विधानसभा चुनाव में सभी चुनावी रिकार्ड ध्वस्त करने का दावा किया है| यह दावा राज्य के कृषि मंत्री राघवजी पटेल ने किया है| उन्होंने कहा कि गुजरात में किए गए विकास कार्यों के बल पर भाजपा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है और अब तक हुए विधानसभा के चुनावी रिकार्ड इस बार टूट जाएंगे| गत 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान पाटीदार आरक्षण आंदोलन, किसान आंदोलन, जिग्नेश मेवाणी और अल्पेश ठाकोर ने भी आंदोलन किया था| इसके अलावा अन्य कई चुनौतियां भाजपा के समक्ष थीं| लेकिन इस बार ऐसी कोई चुनौती भाजपा के समक्ष नहीं है| एक जहां पूरा देश नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से संतुष्ट है तो गुजरात के लोगों ने भी पीएम मोदी का नेतृत्व स्वीकार किया है| गुजरात की जनता काफी समझदार और वह इस बार भी भाजपा को भारी बहुमत के साथ विजय दिलाएगी| चुनाव लड़ने के सवाल पर राघवजी पटेल ने कहा कि यह तय करना भाजपा हाईकमांड का काम है| पार्टी हाईकमांड उम्मीदवारों की कार्यक्षमता, चुनाव जीतने की संभावना और पार्टी के प्रति उसकी निष्ठा के आधार पर तय करेगा किसे टिकट देना है और किसी नहीं? राघवजी पटेल ने कहा कि उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा है और इसे पूरा करना या नहीं यह पार्टी हाईकमांड पर निर्भर करता है| गौरतलब है वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से 99 सीटों पर जीत हासिल की थी| जबकि कांग्रेस खाते में 77, बीटीपी को 2, एनसीपी को 1 और 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई थी|