मणिपुर के थौबल जिले में प्रतिबंधित संगठन कंगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के चार उग्रवादियों को मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स ने मिलकर गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने येरीपोक बाजार क्षेत्र में एक अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा। 

अधिकारी ने बताया कि उनके पास से पांच मोबाइल हैंडसेट, दो नौ मिमी पिस्तौल, पांच डिमांड लेटर, 5.56 मिमी के 20 गोला बारूद और 7.62 मिमी के चार गोलाबारूद बरामद किए। पुलिस ने पश्चिमी इंफाल जिले से केसीपी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी इंफाल इलाके के पाओना और थंगल बाजार में स्थित दुकानों से जबरन वसूली में शामिल थे। उनके आवास से चार जिंदा गोला बारूद समेत एक 0.32 पिस्तौल बरामद किए गए हैं।

असम में अलग-अलग अभियानों के तहत तीन तस्कर गिरफ्तार

असम में अलग-अलग अभियानों में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी। तीनों मामलों में ड्रग्स पड़ोसी राज्यों से लाई जा रही थी। सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉरम एक्स पर कहा, "असम पुलिस ने राज्य में नशीली दवाओं के तस्करों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने अनगिनत युवाओं की जिंदगी बर्बाद होने से बचाई है।"

एक व्यक्ति को वाईएबीए गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। बता दें कि भारत में वाईएबीए गोलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। जोरहाट और गोलाघाट पुलिस ने 358 ग्राम हेरोइन जब्त करने के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। करीमगंज में एक अन्य अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, उसके पास से 1.2 किलो हेरोइन मिला। 

पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता पर गोलीबारी

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता को गोली मार दी गई। इस हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्तीय कराया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीतलकूची के लालबाजार में पंचायत प्रधान अनिमेष रॉय गुरुवार की रात को एक सहयोगी के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनपर हमला किया गया। 

टीएमसी नेता पर हमला करने वालों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। टीएमसी नेता के दाहिने जांघ में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि इस हमले में टीएमसी नेता के सहयोगी भी घायल हुए हैं। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है। 

ठाणे में एक्सप्रेस ट्रेन में महिला के साथ दुष्कर्म

महाराष्ट्र के ठाणे में एक एक्सप्रेस ट्रेन में महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सरकारी रेलवे पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने गुरुवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 328 और 376 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया कि 10 मार्च को वह उत्तर प्रदेश जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी, इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ने उसे बेहोश करने के लिए हानिकारक पदार्थ का इस्तेमाल किया और फिर बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता ने घटना के 39 दिन बाद मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जीआरपी से संपर्क किया।

महाराष्ट्र में नकली नोट छापने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के रायगढ़ में नकली नोट छापने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने छापेमारी कर उसके पास से दो लाख से अधिक मूल्य के नकली नोट जब्त किए। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रफुल्ल गोविंद पाटिल के तौर पर की गई है। उसने यूट्यूब के जरिए नकली नोट बनाने की तकनीक सीखी। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पालेखुर्द गांव के एक मकान में छापेमारी की। आरोपी किराए के मकान में रह रहा था। उसके पास से 1440 से अधिक नकली नोट बरामद किया गया, जिसमें 50 रुपये के 574 नोट, 100 रुपये के 33 नोट, 200 रुपये के 856 नोट शामिल हैं। इसकी कुल कीमत 2,03,200 बताई जा रही है। 

मुंबई कस्टम ने जब्त किया 1.39किलो से अधिक सोना

मुंबई कस्टम के अधिकारियों ने 13 से 16 मई के बीच 27 मामलों में 11.39किलो से अधिक सोना और 7.16 करोड़ रुपये मूल्य की सिगरेट जब्त की।